- जन समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने नगर आयुक्त का किया घेराव, दी आंदोलन की चेतावनी
मेरठ। नगरायुक्त साहब, शहर के दलित और मलिन बस्तियों में रहने वाले परिवारों के साथ सौतेला व्यवहार बंद किया जाए। यहां न सफाई हो रही है और न कूड़ा उठता है। मच्छरों को मारने के लिए कीटनाशक तक का छिड़काव नहीं होता है। बीमारियों का खतरा बना हुआ है। यह आरोप लगाते हुए कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने नगरायुक्त सौरभ गंगवार से कही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जनसमस्याएं दूर नहीं की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए टाउन हॉल स्थित नगर आयुक्त कार्यालय का घेराव घेरा किया। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा और पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि नगर निगम जनता को सुविधा देने में विफल साबित हो रहा है। महानगर में दलित, अल्पसंख्यक व मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कूड़ा भी नहीं उठाया जा रहा है। एक तरफ कोरोना वायरस मेरठ में दस्तक दे चुका है वहीं दूसरी तरफ नगर निगम मलिन बस्तियों में मच्छर मारने के लिए फॉगिंग भी नहीं करा रहा है।
रंजन शर्मा ने कहा कि इन बस्तियों में पीने के पानी की टंकियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। नगर निगम के किरायेदारों पर मूल किराए के अतिरिक्त लगाए जा रहे जीएसटी, सर्विस टैक्स और साढ़े बारह फीसदी ब्याज की समीक्षा की जाए। शहर में बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक है। जिससे नागरिकों का जीवन असुरक्षित हो गया है।इस अवसर पर हरिकिशन अंबेडकर, सलीम खान, डॉ. संजीव अग्रवाल, रविंद्र सिंह, कमल जायसवाल, तनवीर इलाही, सलीमुद्दीन शाह, संजय कटारिया, राज केसरी आदि मौजूद रहे।