- एक बार डसने पर नहीं भरा मन तो दूसरी बार डसा
बागपत जनपद के छपरौली के लूंब गांव में एक होटल पर रसोईये का काम करने वाले मनोज से आखिर कोबरा सांप की क्या दुश्मनी थी कि उसने दो बार डसा। एक बार डसने के बाद जब मनोज जाग गया तो फिर से सांप ने डसा। पूरी घटना होटल में ले सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में सांप द्वारा किए गए पूरे घटना क्रम को सभी ने देखा। मनोज की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से मनोज के परिवार में ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में कोहराम मच गया।
लूंब गांव में कमलेश का परिवार रहता है। इनका छोटा बेटा मनोज गांव के ही एक होटल में काम करता था। बताते हैं कि रात में वह होटल बंद करके वहीं पर सोया हुआ था। रात में एक सांप होटल स्थित उसके कमरे में पहुंचा और मनोज के हाथ में काट लिया। मनोज नींद से जागा और उसने आसपास भी देखा। जब कुछ दिखाई नहीं दिया तो वह फिर सो गया। उसको अहसास ही नहीं था कि उसको सांप ने डस लिया है।
लेकिन सांप का दिल अभी भरा नहीं था। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि सांप काफी देर तक कमरे में ही घूमता रहा। उसके बाद कोबरा सांप मनोज की छाती पर चढ़ गया और डस लिया। जैसे ही मनोज नींद से जागा और सांप को देखा तो उसकी चीख निकल गई। उसने घटना की जानकारी होटल मालिक को फोन पर दी। होटल मालिक ने मौके पर पहुंचकर मनोज को एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मनोज गरीब परिवार से था। ग्रामीणों ने प्रशासन से उसके परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग की है।
ये भी जरूर पढ़ें–
