- दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी में चल रही नमो भारत ट्रेन
- मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक ट्रायल रन जारी, शीघ्र मिलेगी यात्रियों को सुविधा
मेरठ। मेरठ मोदीपुरम की जनता को नमो भारत ट्रेन का इंतजार है। उधर गाजियाबाद स्टेशन पर दो नए प्रवेश-निकास द्वार खुल गए हैं। जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी में नमो भारत ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा बनी है। मेरठ से बड़ी संख्या में यात्री नमो भारत ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं।

गाजियाबाद, नमो भारत कॉरिडोर पर सबसे ऊंचा स्टेशन है। जिसकी ऊंचाई 26 मीटर, लगभग लंबाई 215 मीटर और चौड़ाई लगभग 44 मीटर है। इस स्टेशन तक यात्रियों की पहुंच आसान और सुरक्षित बनाने के लिए एनसीआरटीसी ने पांच प्रवेश-निकास द्वार बनाने की योजना बनाई गई। स्टेशन बिल्डिंग में बनाए गए प्रवेश-निकास द्वार संख्या 4 और 5 पहले से ही यात्रियों के लिए खुले हुए हैं।
नए प्रवेश-निकास द्वारों में से एक प्रवेश-निकास द्वार संख्या-1, चौधरी चरण सिंह पार्क में बनाया गया है। इससे दिल्ली की ओर से आने वाले यात्रियों को नमो भारत स्टेशन में प्रवेश करने में आसानी होगी। इस प्रवेश-निकास द्वार को फुट-ओवर ब्रिज के जरिए स्टेशन से जोड़ा गया है, जिसकी लंबाई लगभग 130 मीटर और चौड़ाई लगभग 6.5 मीटर है। वहीं, दूसरा प्रवेश-निकास द्वार संख्या-2 आर्य नगर की ओर बनाया गया है। यह भी फुट ओवर ब्रिज के माध्यम से स्टेशन से जुड़ा है, जिसकी लंबाई करीब 20 मीटर और चौड़ाई 6.5 मीटर है।

वहीं, स्टेशन का आखिरी और महत्वपूर्ण प्रवेश-निकास द्वार संख्या-3 पटेल नगर की ओर बनाया गया है और जल्द ही इसे भी यात्रियों के लिए खोला जाएगा। इस द्वार को भी फुट-ओवर ब्रिज के ज़रिए गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन से जोड़ा गया है। इस फुटओवर ब्रिज की लंबाई लगभग 30 मीटर और चौड़ाई 6.5 मीटर है।
इसी फुटओवर ब्रिज का विस्तार मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन के तहत दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन के न्यू बस अड्डा शहीद स्थल स्टेशन तक किया जा रहा है। यह फुटओवर ब्रिज नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के स्टेशन को कॉनकोर्स लेवल पर जोड़ेगा।