- अखिलेश की सरकार में शिवभक्तों पर डंडे और मुलायम के समय रामभक्तों पर चली गोलियां
मेरठ। उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता ने कांग्रेस मुक्त भारत और सपा व बसपा मुक्त उप्र बनाने का संकल्प लिया हुआ है। अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में शिवभक्तकांवड़ियों पर लाठियां चलवायी और पिता ने रामभक्तों पर गोलियां। इन घटनाओं को उप्र की जनता कभी नहीं भूल सकती है। उप्र में भाजपा की सरकार शिव भक्तों पर फूल बरसा रही है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि परिसर में एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के तहत वृक्षारोपण के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2047 तक कांग्रेस, सपा व बसपा के लिए देश और उप्र की राजनीति में जीत के दरवाजे बंद हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के संस्कार ही सपा को ले डूबेंगे। सपा अंत की तरफ बढ़ रही है। 2027 में प्रदेश की जनता सपा को साफ कर देगी और भाजपा को पूर्ण बहुमत की सरकार देगी। अब जनता को गुंडागर्दी, माफिया गिरी व तुष्टिकरण का घिनौना खेल नहीं चाहिए, जनता को विकास चाहिए। उप्र में गैर कानूनी काम करने वालों का इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी द्वारा अधिकारियों पर काम न करने के लगाए गए आरोपों पर कहा कि पार्टी का कोई मंत्री हो विधायक अथवा कार्यकर्ता अगर सीएम से कोई शिकायत करता है तो उस अधिकारी पर जरूर कार्रवाई करेंगे। इस दौरान सपा के एचटी हसन के बयान पर उन्होंने कहा कि श्रद्धा को खंडित करने वालों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई कर रहा है और करता रहेगा।
उन्होंने रालोद मुखिया चौधरी जयंत के बयान पर कहा कि वह हमारे भाजपा गठबंधन के साथी हैं। उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है। सरकार की मंशा है कि किसी की धार्मिक भावना को ठेस न लगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 37 करोड़ से अधिकपेड़ लगाने का लक्ष्य है। आठ साल में 210 करोड़पेड़ यूपी में लगाए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वृक्षारोपण अभियान की इस लिए शुरुआत की है ताकि 140 करोड़ की आबादी को सुंदर पर्यावरण मिल सके। भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है। इस दौरान सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलुवालिया, भाजपा नेता समय सिंह सैनी, पूर्व मंत्री लोकेश प्रजापति, भाजपा नेता नीरज मित्तल, गणेश अग्रवाल जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, पूर्व विधायक रणवीर राणा, संजीव सिक्का, सुनील भराला आदि मुख्य रहे।