- रात भर चला राहत बचाओ कार्य, सड़कों से हटाए गए पेड़, खम्भे और होर्डिंग
- छावनी में सेना ने और सिविल क्षेत्र में यूपी पुलिस राहत कार्य में जुटी
- यातयात हुआ प्रभावित, आम की फसल को भी काफी नुकसान
मेरठ। बुधवार की शाम लगभग सात बजे आसमान में बादल छाए और अंधेरा छा गया। थोड़ी ही दूर में 65 किमी की रफ्तार से चली हवा के तूफान ने सबकुछ अस्तव्यस्त कर दिया। जहां बारिश से जलभराव हो गया वहीं ओलावृष्टि से आम की फसल को भारी नुकसान हुआ। पेड़, बिजली के खम्भे, होर्डिंग उखड़करसड़कों पर गिरने शुरू हो गए। तूफान में कई लोगों की मौत हो गई। शहर से लेकर देहात तक पूरा जिला अंधेरे में डूब गया। लोगों को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ी। लोग पीने के पानी को भी तरस गए। हालांकि प्रशासन ने रात भर सड़कों से पेड और होर्डिंग हटाने का कार्य किया। बिजली कर्मचारी लाइनों को ठीक करने में जुटे रहे। खासकर शहरों की सड़कों पर जगह जगह जाम लग गया। यह हाल पश्चिम उप्र में रहा है।

मेरठ शहर में आंधी तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। शहर में बेगमपुल, गांधीबाग चौराहा, शास्त्रीनगर, जागृति विहार, गंगानगर, दिल्ली रोड, बागपत रोड, रुड़की और छावनी क्षेत्र में जगह जगह पेड़ गिरने से बिजली की लाइनें टूट गई और खम्भेउखड़ गए। डिवाइडरों पर लगे विशालकाय होर्डिंग उखड़ गए। कई स्थानों पर होर्डिंग की चपेट में आने से लोग बाल बाल बचे।

रुहासा के अमित के ऊपर गिरा पेड़, मौत
मेरठ के रुहासा निवासी अमित बाइक पर अपने नौ वर्षीय बेटे विहान को लेकर दौराला से बड़कली होते हुए गांव वापस लौट रहा था। आंधी और बारिश के कारण वह मार्ग किनारे एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तूफान के दौरान पेड़ उसके ऊपर गिर गया। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अमित के शव को पेड़ उठाकर निकाला। गनीमत रही कि बेटा विहान सकुशल बच गया।
तूफान आते ही जहां की तहां खड़ी हो गई ट्रेनें
तूफान आते ही दिल्ली डिविजन की सभी ट्रेनें जगह जगह रोक दी गई। ताकि यात्रियों को दुर्घटना से बचाया जा सके। तूफान बंद होने के बाद ही दिल्ली से हरिद्वार, सहारनपुर, जम्मू मार्ग पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया। इस दौरान रेल यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। सभी ट्रेनें लगभग एक घंटा प्रभावित रहीं।

सहारनपुर में बिजली गिरने से दो की मौत
आधी तूफान के दौरान आसमान में चमकी बिजली ने जमीन पर भी कहर बरपा दिया। सहारनपुर के गांव कुरडी में 30 साल के अकित और खजूरी निवासी 65 साल के अनिल की बिजली गिरने से मौत हो गई।
कार के ऊपर गिरा यूनिपोल, चालक घायल

आंधी के दौरान जीआईसी के निकट खूनी पुल से गुजरते समय एक स्कूल संचालक की कार पर यूनिपोल गिर गया। जिसमें चालक को चोट आयी है। हालांकि चिकित्सकों ने उसे कोई गंभीर चोट न होने की बात कही है।