- हस्तिनापुर में भीमकुंड गंगा घाट पर नहाते समय हुई घटना
मेरठ के हस्तिनापुर में यूपी के एटा और दिल्ली से महाभारत कालीन स्थल पर घूमने आए चाचा व भतीजा भीमकुंड गंगा घाट पर गंगा में नहाते समय समा गए। एटा के सकरौली निवासी 25 वर्षीय प्रबल प्रताप जैन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दिल्ली शाहदरा निवासी 60 वर्षीय पवन कुमार जैन को हस्तिनापुर सीएचसी के चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एनडीएफ की टीम ने दोनों के शव को गंगा से बाहर निकाला। इस दौरान उनके अन्य रिश्तेदार भी गंगा में स्नान कर रहे थे।

घटना रविवार की है। हस्तिनापुर में महाभारत कालीन मंदिर ही नहीं बल्कि जैन धर्म की पावन तीर्थस्थली होने के कारण मंदिर भी हैं। यहां पूरे भारत से लोग घूमने आते हैं। एटा और दिल्ली के शाहदरा से ये दो परिवार भी यहां घूमने आए थे। दोनों परिवारों में 15-20 लोग बताए जा रहे हैं। सभी ने पहले सभी मंदिरों के दर्शन किए। गर्मी अधिक होने के कारण ये सभी गंगा घाट पर स्नान करने के लिए पहुंच गए। सभी लोग गंगा में स्नान करने लगे।

इसी दौरान प्रबल प्रताप और पवन जैन गहरे पानी में पहुंच गए। थोड़ी ही दूर में उनके पैर उखड़ गए। उन्होंने किनारे आने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह तैरना नहीं जानते थे। जिसके कारण वह थोड़ी ही दूर में गंगा में समा गए। परिवार के लोगों ने शोर मचाया और उनको तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उनको सफलता नहीं मिली। सूचना पाकर पुलिस और एनडीआरएफ भी पहुंच गई। एनडीआरएफ के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला। वहीं घटना की सूचना मृतकों के परिजन और रिश्तेदारों को दी गई।
ये भी जरूर पढ़ें–