- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी यूपी सरकार को कोसा
मेरठ। अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उप्र के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि 2027 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस का मजबूत संगठन भाजपा को उखाड़ेगा। इसके लिए कांग्रेस पांच स्तरीय संगठन तैयार कर रही है। कांग्रेस पंचायत स्तरीय चुनाव अकेले लड़ेगी। विधान सभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के साथ मिलकर उप्र में सरकार बनाएंगे। उप्र में बहनों की इज्जत लूटी जा रही है और हत्याएं हो रही हैं। कानून व्यवस्था चरमा गई है।

अविनाश पांडे बुधवार को मेरठ के होटल डी-रोज में पश्चिमी यूपी के14 जिलों में कांग्रेस के संगठन की जोनल समीक्षा एवं कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि उप्र में राजनीति नई करवट ले रही है। प्रदेश की जनता परेशान है। कांग्रेस संगठन आम जनता की आवाज बनकर सड़क से संसद तक सरकार से सवाल कर रहा है। कांग्रेस का संगठन मंडल, जिला, ब्लॉक स्तरीय संगठन की समीक्षा में परिणामों सामने आए हैं कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं के उत्साह से उप्र में कांग्रेस का परचम लहराएगा।

उन्होंने यूपी में कांग्रेस के मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए बहुत चेहरे हैं। कांग्रेस कभी भी पूर्वानुमान से सीएम प्रत्याशी घोषित नहीं करती है। भाजपा सरकार का संविधान में कोई विश्वास नहीं है। विशेष समाज को टारगेट करने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस ही जानती है कि सभी को साथ जोड़कर देश को कैसे संभालकर रखा जा सकता है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने स्कूलों को बंद करने के सरकार के निर्णय पर भाजपा सरकार को जमकर कोसा। कहा कि सरकार स्कूल बंद करके 50 हजार मधुशाला खोल रही है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, दानिश अली, पूर्व मंत्री दीपक कुमार, पूर्व सांसद मीम अफजल, ओमवती, सईदुज्जमा, जिलाध्यक्ष गौरव भाटी, शहर अध्यक्ष रंजन शर्मा, जाहिद अंसारी, अवनीश काजला, हरिकिशन आंबेडकर, सलीम अहमद आदि मुख्य रहे।
ये भी पढ़ें—