- स्टेशन से पांच किमी के दायरे में महिलाओं को उनके घर तक छोडेंगी बाइक
- विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीआरटीसी ने की पहल
मेरठ। अब नमो भारत ट्रेन की महिला यात्रियों को मेरठ साउथ स्टेशन से उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी सेवा शुरू की गई है। बाइकों का संचालन विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला ड्राइवरों द्वारा किया जाएगा। यह सेवा केवल महिला यात्रियों के लिए ही है। अब महिला यात्रियों को कोई दिक्कत नहीं रहेगी। एनसीआरटीसी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इसकी शुरूआत की है।

दिल्ली से मेरठ साउथ स्टेशन तक नमो भारत ट्रेन का संचालन हो रहा है। चूंकि शहर से बड़ी संख्या में पुरुष व महिला यात्री नमो भारत ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए एनसीआरटीसी ने नया कदम उठाया है। पुरुष यात्री स्टेशन से अपने घर तक थ्री-व्हीलर या फिर अपने निजी वाहन से पहुंचते हैं। महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। एनसीआरटीसी ने मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर एक से सटे पार्किंग से यह सुविधा शुरू की है। इस सेवा की शुरुआत में, पीक ऑवर्स के दौरान लगभग 10 इलेक्ट्रिक बाइक रखी जाएंगी। जो मेरठ साउथ स्टेशन के 5 किलोमीटर के दायरे में महिला यात्रियों को कम किराए पर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की सेवा प्रदान करेंगी।
एनसीआरटीसी नमो भारत के यात्रियों के लिए निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने का लगातार प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में, एनसीआरटीसी ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के साथ समन्वय कर दिल्ली में विभिन्न मार्गों पर चलने वाली वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसों को नमो भारत स्टेशनों के साथ एकीकृत करने की व्यवस्था बनाई है। वर्तमान में, ये बसें दिल्ली सेक्शन के परिचालित स्टेशनों, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार से जुड़े चार मार्गों पर चल रही हैं। इसके अतिरिक्त, ई-रिक्शा और रैपिडो जैसे लास्ट-माइल सेवा प्रदाता भी गाजियाबाद के कई स्टेशनों पर सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।