मुरादाबाद का रहने वाला था मृतक विजयपाल
मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र स्थित एनएच 58 पर गांव डूंगरावली के सामने एक अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार विजयपाल यादव को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को सुभारतीयमेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई जोगिन्दर ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।
75 वर्ष के विजयपाल यादव पुत्र नाथू सिंह मुरादाबाद के रहने वाले थे। हाल में वह मोहद्दीनपुर में रहता था। विजयपाल बागपत रोड स्थित एक पेपर मिल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह प्रतिदिन साइकिल से आना जाना करता था। सोमवार की सुबह वह पेपर मिल में ड्यूटी करके मोहिउद्दीनपुर अपने घर साइकिल से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह डुंगरावली के सामने पहुंचा तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही विजयपाल सड़क पर गिर गया। विजयपाल को लहुलुहान देखकर हाईवे से गुजर रहे लोगों ने उसे उठाया और फोन करके सरकारी एंबुलेंस बुलाई। उसको गंभीर हालत में सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घंटों उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर उसके भाई जोगिन्दर यादव और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
उनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना परतापुर पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई की जाएगी।