हत्या में सात नामजद, एक आरोपी एक दिन पहले भेजा गया जेल
मुठभेड में एक सिपाही भी हुआ है घायल

मेरठ हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव लतीफपुर में पुरानी चुनावी रंजिश के चलते पिछले सप्ताह गांव के ही परमजीत की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान परमजीत का एक साथी गुरमुख भी गोली लगने से घायल हो गया था। हत्या के आरोप में सात लोगों को नामजद कराया गया था। पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। सोमवार को दो हत्यारोपी फोता सिंह व बलबीर सिंह उर्फ छंगा निवासी किशनपुर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही आरोपियों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल बताया जा रहा है।
दो अप्रैल को गांव के बाहर मारी थी परमजीत ओर गुरमुख को गोली
लतीफपुर में दो अप्रैल को परमजीत और गुरमुख गांव के बाहर बैठे थे। तभी कुछ बदमाशों ने तीन साल पुरानी चुनावी रंजिश का बदला लेने के लिए दोनों पर ताबड़तोड़ गोली चला दी थी। गोली लगने से परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी और गुरमुख को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तड़के पांच बजे किशोरपुर जंगल में हुई मुठभेड़
सोमवार की सुबह करीब पांच बजे हस्तिनापुर पुलिस ने परमजीत हत्याकांड के दो नामजद आरोपियों को किशोरपुर जंगल से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों और पुलिस के बीच लगभग आधा घंटे मुठभेड़ चली। किशनपुर निवासी फोता सिंह व बलबीर सिंह उर्फ छंगा दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी हैं। मुठभेड़ के एक पुलिस कांस्टेबल के हाथ में भी गोली लगी बतायी जा रही है। सिपाही मामूली रूप से घायल है। आरोपियों से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो अवैध असलाह एक बाइक बरामद की है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया।
इन सात लोगों को किया गया था नामजद
मृतक परमजीत के भाई साजन सिंह ने हत्या के आरोप में प्रभु सिंह‚ बलबीर सिंह छग्गा‚फौतासिंह‚ हैप्पी सिंह‚ दिलदार सिंह‚ सतनाम सिंह‚ दर्शन सिंह को नामजद कराया था। जिसमें पुलिस ने प्रभु सिंह को रविवार को जेल भेज दिया गया था। और अब इस मामले में पुलिस ने बलबीर सिंह छग्गा‚फौता सिंह को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी हैप्पी सिंह‚ दिलदार सिंह‚ सतनाम सिंह‚ दर्शन सिंह फरार है। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम में लगाई गई हैं।